{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान : यूपी में आज लगेंगे 35 करोड़ पौधे, सीएम योगी ने गोरखपुर से किया महाअभियान का शुभारंभ

 

उत्तर प्रदेश में रविवार को वृहद पौधारोपण अभियान के तहत 35 करोड़ पौधे लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह गोरखपुर से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के समीप नीम, पीपल और बरगद के पौधे रोपे तथा पौधारोपण के बाद मोबाइल से सेल्फी भी ली।
 



मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मानसून लगभग एक महीने की देरी से पहुंचा, जिससे खेती प्रभावित हुई है। मौसम का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और गर्मी तथा सर्दी दोनों ही चरम पर पहुंच रही हैं।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर में ग्लोबल वार्मिंग को लेकर लगातार चेतावनी दी जा रही है। समुद्र तटीय कई शहरों पर खतरा मंडरा रहा है, जबकि अनेक शहर प्रदूषण के कारण गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में बीमार और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने तक से बचने की सलाह दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और जल स्रोतों के विनाश का खामियाजा पूरी मानवता भुगत रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 35 करोड़ पौधे पिछले वर्ष लगाए गए थे। उन्होंने उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के 10 करोड़ परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को धुएं से राहत मिली और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है।

इस अवसर पर गोरखपुर से सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि वह केवल एक प्रशासक ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व वाले व्यक्तित्व हैं, जिनके विजन से प्रदेश में विकास और हरित वातावरण दोनों को नई दिशा मिल रही है।