वाराणसी से हिमाचल तक फैला नकली दवाओं का कारोबार, सोलन में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, ब्रांडेड दवाएं बनाने का खुलासा
उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी से शुरू हुई जांच अब हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गई है। यूपी की संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ स्थित राजपुरा, खेड़ा बाईपास में चल रही एक संदिग्ध अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान मौके से दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद पूरी यूनिट को सील कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि यह सीधे आम लोगों और मरीजों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मामला है। खासतौर पर एंटीबायोटिक और न्यूरो मेडिसिन जैसी दवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता से खिलवाड़ मरीजों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
वाराणसी में पकड़ी गई थीं 17 तरह की नकली दवाएं
इस पूरे मामले की शुरुआत वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से हुई थी। यहां जांच के दौरान नकली और काउंटरफिट दवाओं का बड़ा स्टॉक बरामद किया गया था। जांच में कुल 17 प्रकार की दवाओं की पहचान हुई थी। इसके बाद अधिकारियों ने इन दवाओं के निर्माण स्रोत का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया।
जांच के दौरान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा, खेड़ा बाईपास में एक संदिग्ध दवा निर्माण इकाई की जानकारी मिली। इसके बाद यूपी एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वहां छापेमारी की।
चलती मिली अवैध फैक्ट्री, ब्रांडेड दवाएं बनाने का खुलासा
संयुक्त टीम जब फैक्ट्री पहुंची तो वहां दवाओं के निर्माण से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं। शुरुआती जांच में बाजार में अधिक मांग और ऊंची कीमत वाली ब्रांडेड दवाओं के नाम पर दवाएं तैयार करने का मामला सामने आया।
छापेमारी के दौरान Pan-D Capsules, Pressiz-300 Capsules (Pregabalin), C-AZ-Cefixime, Azithromycin और A-Cipex-625 जैसी दवाओं के निर्माण से जुड़ी सामग्री मिली। इसके अलावा Neuro-300, जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत कई अन्य दवाओं से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई।
दवाओं की पैकिंग से लेकर रैपर छापने तक की व्यवस्था
फैक्ट्री के अंदर जांच टीम को दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें मिलीं। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन,एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल फिलिंग मशीन और वजन मापने वाली मशीनें शामिल हैं।
इसके अलावा दवाओं पर इस्तेमाल होने वाली प्रिंटेड फॉइल और स्टीरियो प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण भी बरामद किए गए। इन मशीनों और सामग्रियों की मौजूदगी से संकेत मिला कि यहां केवल दवाओं का भंडारण नहीं हो रहा था, बल्कि निर्माण से लेकर पैकेजिंग और ब्रांडेड रैपर तैयार करने तक की पूरी व्यवस्था मौजूद थी।
किन राज्यों और शहरों में होती थी नकली दवाओं की सप्लाई?
सोलन में अवैध फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद अब जांच एजेंसियां इसके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं। अधिकारियों की पड़ताल इस बात पर केंद्रित है कि फैक्ट्री में तैयार की जा रही दवाओं की सप्लाई किन राज्यों और शहरों में की जाती थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में कौन-कौन से दवा कारोबारी और अन्य लोग शामिल हैं।
वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई कार्रवाई से शुरू हुई जांच का हिमाचल प्रदेश तक पहुंचना इस नेटवर्क के बड़े दायरे की ओर इशारा करता है। फिलहाल जांच एजेंसियां फैक्ट्री से जुड़े लोगों, दवाओं की सप्लाई चेन और कारोबार में शामिल अन्य ठिकानों की जानकारी जुटा रही हैं।
नकली दवाओं का यह कारोबार इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि दवा के नाम पर बेची जाने वाली ऐसी सामग्री मरीजों के इलाज को प्रभावित कर सकती है और उनकी जान तक जोखिम में डाल सकती है।