यूपी में आसमान से बरस रही आग : बांदा में पारा 47°C के पार, 50 जिलों में लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा, बांदा, झांसी समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं रात में भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
मौसम विभाग ने 23 मई को भी प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव और प्रचंड गर्मी का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने Banda, Chitrakoot, Kaushambi और Prayagraj में प्रचंड गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर के समय तापमान बेहद अधिक रहने का अनुमान है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
इसके अलावा Noida, Ghaziabad, बागपत, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है।
वहीं झांसी, महोबा, ललितपुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र और मीरजापुर में भी हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लखनऊ समेत कई जिलों में यलो अलर्ट
राजधानी Lucknow में आज अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। यहां दिन में तेज गर्मी और रात में उमस बनी रहेगी।
इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
26 मई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। 26 मई तक प्रदेश में मौसम इसी तरह गर्म बना रह सकता है।
हालांकि 27 मई को पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा गिरावट आने की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लखनऊ, कानपुर, नोएडा और आगरा समेत कई जिलों में लगातार बिजली कटौती और ट्रांसफॉर्मर फेल होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
तेज गर्मी और बार-बार बिजली जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खासकर रात के समय बिजली कटौती से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।