{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आसमान से बरस रही आग : सऊदी अरब से भी ज्यादा तप रहा UP, बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, पारा 47.4°C पार

 

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश इस समय भीषण लू और तेज गर्म हवाओं की चपेट में है। सीजन में पहली बार तापमान 47°C के पार पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में बांदा देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.4°C दर्ज हुआ। इसके साथ ही यहां पिछले चार साल का रिकॉर्ड भी टूट गया।

इससे पहले साल 2022 में 30 अप्रैल को बांदा का तापमान 47°C के पार गया था।

55 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के 55 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार दोपहर के समय ज्यादातर शहरों में तापमान 42°C से 45°C के बीच रह सकता है।

लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

सड़कों पर पसरा सन्नाटा

रविवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। हवा की रफ्तार कम होने से गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। छुट्टी का दिन होने की वजह से शहरों की सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। जरूरी काम से बाहर निकले लोग गमछे, टोपी और छाते का सहारा लेते नजर आए।

सऊदी अरब और पाकिस्तान से ज्यादा गर्म बांदा

शनिवार को देश के सबसे गर्म 41 शहरों में से 14 शहर उत्तर प्रदेश के थे। बांदा का तापमान सऊदी अरब और पाकिस्तान के जैकोबाबाद से भी ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

  • बांदा: 47.4°C
  • पाकिस्तान का जैकोबाबाद: 44°C
  • सऊदी अरब: 31°C

सोमवार से बदल सकता है मौसम

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि सोमवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में बूंदाबांदी और आंधी-तूफान की संभावना है।

उन्होंने कहा कि बारिश होने पर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 30 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने के आसार हैं।