{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ताजमहल घूमने आई फ्रांसीसी पर्यटक से 50 यूरो की ठगी, फ्लाइट लेट होने पर वसूला एक्सट्रा चार्ज, पुलिस ने लौटवाए पैसे

 

उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल घूमने आई फ्रांस की दो महिला पर्यटकों के साथ कैब चालक द्वारा ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि, स्थानीय गाइडों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पर्यटकों को उनके पैसे वापस मिल गए।

जानकारी के अनुसार, फ्रांस की पर्यटक जूलियट ईवा और उनकी साथी वैरोनिका मंगलवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। वहां से उन्होंने आगरा आने के लिए ऑनलाइन कैब बुक की थी और तय किराया पहले ही ऑनलाइन भुगतान कर दिया था।

एयरपोर्ट पार्किंग और फ्लाइट लेट होने का बनाया बहाना

आरोप है कि आगरा पहुंचने के बाद कैब चालक ने एयरपोर्ट पार्किंग शुल्क और फ्लाइट में देरी का हवाला देकर अतिरिक्त रकम की मांग की। इसके अलावा उसने पर्यटकों को ताजमहल के पूर्वी गेट के बजाय पुरानी मंडी क्षेत्र में उतार दिया।

जानकारी के अभाव में पर्यटक ने 500 रुपये देने की जगह चालक को 50 यूरो (करीब 5 हजार रुपये) दे दिए।

गाइड की सतर्कता से खुला मामला

मौके पर मौजूद एक गाइड ने विदेशी मुद्रा का भुगतान होते देखा तो पर्यटकों से बातचीत की। पूरी जानकारी मिलने के बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कैब चालक को बुलाकर उससे 50 यूरो वापस कराए। अपने पैसे वापस मिलने पर दोनों पर्यटकों ने पुलिस का आभार जताया।

चालक की कार सीज, पुलिस ने की कार्रवाई

एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के अनुसार, पर्यटकों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। ऐसे में पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी कार सीज कर दी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

ताजमहल क्षेत्र में देशी और विदेशी पर्यटकों से ठगी के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। खरीदारी, होटल बुकिंग, टैक्सी किराया और अन्य बहानों से धोखाधड़ी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन ऐसे मामलों पर पूरी तरह रोक अभी भी चुनौती बनी हुई है।