{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वर्क फ्रॉम होम से लेकर कारपूलिंग तक... PM मोदी की अपील पर CM योगी ने मत्रियों को दिए कई बड़े निर्देश

 

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने नई कैबिनेट के साथ पहली बैठक की। इस अहम बैठक में वैश्विक हालात और ऊर्जा संरक्षण को लेकर कई बड़े निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों से अगले छह महीने तक विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दी, वहीं सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा।

“ईंधन संरक्षण राष्ट्रीय दायित्व”

कैबिनेट बैठक में सीएम योगी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट को देखते हुए ईंधन बचाना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूपी कैबिनेट को जनता के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए। इसी वजह से सभी मंत्री सप्ताह में कम से कम एक दिन मेट्रो, बस, ई-रिक्शा या कारपूलिंग का उपयोग करें।

उन्होंने सरकारी विभागों में भी ऊर्जा बचत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

विदेश यात्राओं से बचने की सलाह

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि अगले छह महीने तक अनावश्यक विदेशी यात्राओं से परहेज करें। इसके साथ ही सरकारी वाहनों के फ्लीट को 50 प्रतिशत तक कम करने पर भी जोर दिया गया।

वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल व्यवस्था पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि शासन-प्रशासन में डिजिटल और वर्चुअल माध्यमों का अधिकतम इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विधानसभा-विधान परिषद की स्टैंडिंग कमेटियों की बैठकें अधिकतर हाइब्रिड मोड में आयोजित हों।

इसके अलावा 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने पर बल दिया गया।

AC तापमान और बिजली बचत पर निर्देश

मुख्यमंत्री ने सचिवालय और निदेशालय स्तर पर एयर कंडीशनर और लिफ्ट के जरूरत के अनुसार इस्तेमाल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए और प्राकृतिक रोशनी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग किया जाए।

सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा

बैठक में सीएम योगी ने सौर ऊर्जा के व्यापक इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिहायशी कॉलोनियों, स्कूलों और कॉलेजों में जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई नीति तैयार करने की बात भी कही।

PNG और लोकल उत्पादों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने एलपीजी सिलेंडर की जगह PNG कनेक्शन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी नीतिगत बदलाव जल्द किए जाएं और कमर्शियल उपयोगकर्ताओं को भी PNG से जोड़ा जाए।

इसके अलावा उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर देते हुए मंत्रियों से कहा कि उपहार में वही वस्तुएं दी जाएं, जो उत्तर प्रदेश में बनी हों। उन्होंने One District One Product योजना के उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।

आयात कम करने और प्राकृतिक खेती पर जोर

मुख्यमंत्री ने आयातित वस्तुओं के न्यूनतम उपयोग की बात कही। साथ ही तिलहन उत्पादन बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और खाद्य तेल की खपत कम करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की भी अपील की।