{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गाजियाबाद : 15 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, कई फ्लोर चपेट में, 5 KM दूर तक दिखा धुएं का गुबार

 

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग 15 मंजिला बिल्डिंग के 9वें फ्लोर पर लगी और देखते ही देखते ऊपर की कई मंजिलों तक फैल गई।
आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा है।

जान बचाकर बाहर भागे लोग

घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। फ्लैट में रहने वाले लोग किसी तरह सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरकर बाहर निकले। धुएं की वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया।

दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि ऊपरी मंजिलों तक आग पहुंचने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि आसपास की इमारतों के लोग भी पाइप के जरिए आग बुझाने में मदद कर रहे हैं।

बिल्डिंग खाली कराई गई

घटना के बाद पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर बिल्डिंग और आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।