{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Ghaziabad : CM योगी के सख्त रुख के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, यूट्यूबर सलीम पर हमले का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया

 

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान जीशान को दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीएम की चेतावनी के बाद तेज हुई कार्रवाई

हमले के एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया था। इसके अगले ही दिन लोनी में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जीशान ढेर हो गया। वह अमरोहा का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

दफ्तर में घुसकर किया था हमला

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो हमलावर सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुस गए थे। उन्होंने चाकू से उनकी गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल सलीम को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, बाद में उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने उनकी गर्दन का ऑपरेशन कर दिया है, जबकि एक अन्य सर्जरी अभी बाकी है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

वीडियो कंटेंट को लेकर मिल रही थीं धमकियां

सलीम वास्तिक खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताते हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाते हैं। उनके कंटेंट को लेकर पहले भी विरोध और धमकियों की बात सामने आ चुकी है। बताया जा रहा है कि उनके बयानों के चलते कुछ लोग उनसे नाराज थे।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।