गुड मॉर्निंग, उठ जाइए महाराज...अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, दादरी रैली पर ली चुटकी
सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव की सक्रियता और राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाए।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा, "गुड मॉर्निंग अखिलेश जी। उठ जाइए, सुबह हो चुकी है। कितना सोएंगे महाराज? आज मैंने सपने में देखा कि आप चुनाव तक आराम की मुद्रा में ही रहने वाले हैं।"
उन्होंने आगे लिखा कि दादरी में हुई रैली के बाद अखिलेश यादव को यह एहसास हो गया है कि उनकी राजनीतिक जमीन कमजोर हो चुकी है। इसी वजह से वह अब नई रैलियां करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं।
'रैली के बाद हिम्मत नहीं बची'
राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के ही कुछ लोग उन्हें बता रहे हैं कि दादरी रैली का परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसी कारण अखिलेश यादव अब सार्वजनिक सभाओं और रैलियों से दूरी बनाए हुए हैं।
उन्होंने लिखा, "आपके ही खास लोग बता रहे हैं कि उस रैली का हश्र देखकर आप दूसरी रैली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आप निराश और हताश हो चुके हैं।"
'सिर्फ एक वर्ग के वोट से नहीं चलेगा काम'
अपने ट्वीट के अंत में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि वह मित्र होने के नाते अखिलेश यादव की चिंता करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि "सिर्फ यादव और मियां भाई के वोट से काम नहीं बनेगा मित्र। न ट्विटर चलेगा, न एसी-पीसी। इसलिए उठ जाग मुसाफिर भोर भयो।"
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ओम प्रकाश राजभर लगातार सोशल मीडिया के जरिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से इन बयानों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।