{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नो पार्किंग में कार खड़ी करना पड़ा भारी! चालान काटने पर दरोगा से भिड़ा MP पुलिस का सिपाही, फाड़ी वर्दी

 

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में नो पार्किंग में कार खड़ी करने पर चालान काटना एक दरोगा को भारी पड़ गया। कार का ई-चालान होते ही मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात एक सिपाही नाराज हो गया और बीच चौराहे पर ही दरोगा से भिड़ गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान दरोगा की वर्दी तक फट गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी सिपाही को पकड़कर थाने पहुंचाया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 धनतेरस पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे दरोगा

मामला शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे आगरा के खेरागढ़ कस्बे का है। धनतेरस के चलते बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ थी। सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस यातायात व्यवस्था संभाल रही थी। इसी दौरान दरोगा पवन सिंह अपनी टीम के साथ चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे।

 नो पार्किंग में खड़ी कार का काटा ई-चालान

इसी बीच रसूलपुर निवासी अनुज कुमार ने अपनी कार नो पार्किंग जोन में खड़ी कर दी। कार की वजह से सड़क पर आवागमन प्रभावित होने लगा और जाम जैसी स्थिति बनने लगी। पुलिसकर्मियों ने कार मालिक की तलाश की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। इसके बाद दरोगा पवन सिंह ने यातायात नियमों के तहत कार का ई-चालान कर दिया।

 चालान की जानकारी मिलते ही दरोगा से भिड़ा सिपाही

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद कार मालिक अनुज कुमार मौके पर पहुंच गया। वह मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। जैसे ही उसे अपनी कार का चालान होने की जानकारी मिली, वह दरोगा पवन सिंह से बहस करने लगा। आरोप है कि उसने दरोगा के साथ अभद्रता की और विरोध बढ़ने पर हाथापाई शुरू कर दी।

 बीच चौराहे पर मारपीट, फट गई दरोगा की वर्दी

धनतेरस के मौके पर बाजार के बीच पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट होते देख लोगों की भीड़ जुट गई। हाथापाई के दौरान दरोगा पवन सिंह की वर्दी फट गई। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी सिपाही को पकड़ लिया और खेरागढ़ थाने ले गए।

सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं में केस

डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य के मुताबिक, आरोपी अनुज कुमार मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। दरोगा के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।