{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ समेत 20 शहरों में झमाझम बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे में पूरे यूपी को भिगोएगा मानसून

 

उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला गुरुवार सुबह भी जारी रहा। राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, बाराबंकी, बलिया सहित करीब 20 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हुई, जबकि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर समेत लगभग 30 जिलों में सुबह से बादल छाए रहे।

लखनऊ में सुबह करीब 5:30 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में बदल गई। बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।

सभी 75 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अब लखनऊ तक पहुंच चुका है और अयोध्या, बदायूं, मेरठ व लखनऊ होते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 24 से 48 घंटों में मानसून पूरे उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले लेगा।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

बुधवार को वाराणसी, प्रयागराज समेत प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। आजमगढ़ और बिजनौर में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में भी बारिश का पानी घुस गया।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो बहराइच में सबसे अधिक 113 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिजनौर में 95 मिमी, ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 मिमी, जबकि संभल और हमीरपुर में 65-65 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के बाद अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं, आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।