यूपी में अगले 5 दिनों तक होगी झमाझम बरसेंगे मेघ, आज 39 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह से लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 39 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रयागराज में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
नदियां उफान पर, कई इलाके बाढ़ की चपेट में
लगातार बारिश के कारण प्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। बाढ़ का पानी 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में घुस गया है, जबकि कई स्थानों पर हाईवे के ऊपर से पानी बह रहा है। जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने नाव के जरिए प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
बलिया में सरयू नदी के कटान से तीन मकान नदी में समा गए। बीते एक सप्ताह में कटान की वजह से 27 घर नदी में विलीन हो चुके हैं।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बाढ़ का पानी 40 से 50 छोटे मंदिरों में प्रवेश कर चुका है। प्रसिद्ध रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से अधिक पानी में डूब गया है, जिससे घाटों पर गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
लखीमपुर में मगरमच्छ और रसेल वाइपर का दिखा खतरा
लखीमपुर खीरी में जलभराव के बीच एक मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखाई दिया। वहीं एक घर में जहरीला रसेल वाइपर सांप घुस गया, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
बारिश से जुड़े हादसों में 9 की मौत
पिछले 48 घंटों में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 9 लोगों की जान चली गई। इनमें प्रतापगढ़ में मकान गिरने से 6 लोगों की मौत हुई, मिर्जापुर में गड्ढे में डूबने से 2 लोगों की जान गई, जबकि एक युवक की मौत बिजली गिरने से हुई।
अगले 4 से 5 दिन भारी बारिश के आसार
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी सिस्टम इस समय उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय है और इसका प्रभाव दिल्ली, लखनऊ और पटना तक देखा जा रहा है। इसके चलते कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गए हैं और गंगा के मैदानी इलाकों में नमी से भरी मानसूनी हवाएं पहुंच रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होती रहेगी।
हालांकि, 1 जून से अब तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से करीब 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन मौजूदा सक्रिय मानसून से इस कमी में कुछ हद तक सुधार होने की संभावना है।