बाथरूम में हिडन कैमरा, दहेज के लिए मारपीट...आगरा में महिला ने पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप
आगरा में शादी के महज छह महीने बाद एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी में उसके परिवार ने करीब 1 करोड़ रुपए खर्च किए थे, सोने-चांदी के जेवर और हीरे की अंगूठियां दी थीं। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा और विरोध करने पर मारपीट की गई।
मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और चाचा ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पार्टी में विवाद के बाद खुला मामला
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को शमसाबाद रोड निवासी युवक से हुई थी। ससुराल पक्ष ने युवक के हैदराबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करने का दावा किया था।
महिला की मां ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को फतेहाबाद रोड स्थित एक क्लब में आयोजित पार्टी के दौरान दामाद ने उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उसी रात युवक का मोबाइल फोन खुला रह गया, जिसमें व्हाट्सएप चैट के जरिए कथित साजिश का पता चला। आरोप है कि पति, सास और ननद मिलकर पीड़िता के खिलाफ योजना बना रहे थे। इसके बाद महिला मायके लौट आई।
बेडरूम और बाथरूम में कैमरे लगाने का आरोप
पीड़िता की मां का आरोप है कि 4 फरवरी 2026 को समझौते के बाद ससुराल पक्ष बेटी को वापस ले गया। लेकिन कुछ दिनों बाद ननद और पति ने बेडरूम और बाथरूम में गुप्त कैमरे लगाकर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। आरोप है कि इन रिकॉर्डिंग्स के जरिए महिला को ब्लैकमेल किया जाने लगा।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने पति के पास नपुंसकता की दवाएं देखीं और पति व ननद को ड्रग्स लेते हुए पकड़ा।
मारपीट के बाद गर्भपात का आरोप
पीड़िता की मां के मुताबिक 15 फरवरी को ससुराल पक्ष ने महिला के साथ फिर मारपीट की, जिससे उसे ब्लीडिंग शुरू हो गई। रात में महिला ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिवार उसे अपने घर ले आया।
अस्पताल में इलाज के दौरान महिला का करीब ढाई महीने का गर्भ गिर गया। परिवार का आरोप है कि मारपीट की वजह से गर्भपात हुआ।
फर्जी निकले नौकरी और संपत्ति के दावे
महिला की मां ने बताया कि रिश्ता कराने वाले चाचा ससुर ने मामला सुलझाने के नाम पर फिर से 1 करोड़ रुपए की मांग की। बाद में जांच में पता चला कि शमसाबाद रोड का आलीशान घर युवक की नानी के नाम पर है और हैदराबाद में फ्लैट होने का दावा भी गलत था।
परिवार का आरोप है कि युवक की सैलरी स्लिप और अन्य दस्तावेज भी फर्जी निकले। बताया जा रहा है कि युवक हैदराबाद में अपनी बहन और अन्य लड़कियों के साथ रहता था।
पुलिस कर रही जांच
न्यू आगरा थाना पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निशामक त्यागी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।