‘मैं सुसाइड करने जा रही हूं’... प्रयागराज में दरोगा की पत्नी ने फंदे से लटकर दी जान, 10 महीने पहले हुई थी लव मैरिज
प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में रविवार को एक महिला वकील का शव उसके फ्लैट में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 33 वर्षीय कंचन सिंह के रूप में हुई है। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। कंचन ने करीब 10 महीने पहले 2023 बैच के दरोगा जितेंद्र सिंह से लव मैरिज की थी। जितेंद्र धूमनगंज थाने में तैनात हैं। घटना पारस ग्रीन अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल स्थित फ्लैट की है।
पुलिस के मुताबिक, कंचन और जितेंद्र के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कंचन के माता-पिता कानपुर से प्रयागराज आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब तीन दिन तक दोनों के साथ रहकर कंचन को समझाने की कोशिश की। शनिवार रात करीब 8 बजे कंचन के माता-पिता कानपुर लौट गए। उनके जाने के बाद कंचन अपने कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
जितेंद्र के मुताबिक, कुछ देर बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे एक पारिवारिक मित्र ने उन्हें फोन कर बताया कि कंचन ने मैसेज किया है कि वह आत्महत्या करने जा रही हैं। इसके बाद जितेंद्र ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर कंचन फंदे से लटकी मिलीं। उन्होंने उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, कंचन के मोबाइल फोन पर उनके एक दोस्त की कई मिस्ड कॉल भी मिली हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। बताया गया कि जिस पारिवारिक मित्र ने जितेंद्र को फोन किया था, उसका कंचन से पेशेवर संबंध भी था और कंचन उसका तलाक का केस लड़ रही थीं।
कॉलेज में परीक्षा के दौरान हुई थी मुलाकात
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र और कंचन की मुलाकात कॉलेज में परीक्षा के दौरान हुई थी। बताया गया कि जिस कॉलेज में कंचन एलएलबी की परीक्षा देने गई थीं, उसका संचालन जितेंद्र का परिवार करता है। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उन्होंने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर साझा किया। बाद में फोन पर बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। करीब 10 महीने पहले दोनों ने शादी कर ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
DCP सिटी सागर जैन ने बताया कि पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल फ्लैट सील है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।