{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'अप्रैल 2026 तक अरबपति बनूंगी...करोड़पति बनने की चाह में अफसर की बेटी ने की 1.67 करोड़ की ठगी, ऐसे खुला राज

 

गोरखपुर। करोड़पति और अरबपति बनने की चाह में कथित तौर पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला गोरखपुर में सामने आया है। एम्स थाना पुलिस ने स्टेशन अधीक्षक की बेटी गरिमा सिंह और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर लोन दिलाने और उसे चुकाने का झांसा देकर 10 से अधिक लोगों से करीब 1.67 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।

जांच के दौरान पुलिस को गरिमा सिंह के पास से एक डायरी मिली, जिसमें उसने लिखा था, "मैं गरिमा सिंह, अप्रैल 2026 तक अरबपति बनूंगी। यह मेरा लक्ष्य है। मेरे सभी लोन अप्रैल से मई तक खत्म हो जाएंगे। अप्रैल से मई तक मेरा लक्ष्य 100 करोड़ रुपये कमाना है। गरिमा सिंह करोड़पति है। धन्यवाद भगवान।"

लोन दिलाने और EMI भरने का देती थी भरोसा

पुलिस के अनुसार, गरिमा सिंह ऐसे लोगों को निशाना बनाती थी जिन्हें लोन की जरूरत होती थी या जिन्होंने पहले से बैंक से लोन लिया हुआ था। वह उन्हें अधिक राशि का लोन दिलाने का भरोसा देती और कहती कि उसकी मासिक किस्त (EMI) वह खुद भरेगी। लोन की रकम खाते में आने के बाद वह पीड़ित को 10 से 20 प्रतिशत राशि देकर बाकी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा लेती थी।

रेलवे कर्मचारियों को भी बनाया शिकार

पुलिस का कहना है कि गरिमा के पिता ध्रुव नारायण सिंह, जो रेलवे में स्टेशन अधीक्षक हैं, अपने परिचित रेलकर्मियों और अन्य लोगों को बेटी से मिलवाते थे। इसी तरह कई लोगों ने उसके झांसे में आकर बैंक से लोन लिया।

शिकायत के बाद खुला मामला

मामले का खुलासा तब हुआ जब रेलवे कर्मचारी सत्यप्रकाश सिंह ने एम्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि गरिमा ने अलग-अलग बैंकों से उनके नाम पर करीब 1.67 करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराया और भरोसा दिया कि वह सभी EMI चुकाएगी। शुरुआती तीन महीने तक किस्त जमा करने के बाद उसने भुगतान बंद कर दिया, जिसके बाद बैंक की ओर से नोटिस और कॉल आने लगे।

कई अन्य लोगों ने भी दर्ज कराई शिकायत

जांच के दौरान रेलकर्मी और अन्य लोगों ने भी गरिमा सिंह के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराईं। पुलिस ने गरिमा सिंह, उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह, पति भानू प्रताप सिंह और अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

एम्स थाना पुलिस ने पिता-पुत्री को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले में लगातार नई शिकायतें सामने आ रही हैं। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।