हमीरपुर में सीएम योगी विपक्षियों पर जमकर गरजे, बोले- माफिया या तो जेल में हैं या मिट्टी में मिल गए...
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को हमीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के हर जिले में एक माफिया हुआ करता था, जो जमीनों पर कब्जा करता था, व्यापारियों को परेशान करता था और बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता था। आज उत्तर प्रदेश में माफिया के लिए कोई जगह नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। "आज माफिया या तो जेल में हैं या मिट्टी में मिल गए हैं। अब कोई भी बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस नहीं कर सकता। यदि कोई ऐसा करेगा तो उसे कानून का कठोर सामना करना पड़ेगा।"
हमीरपुर में 636 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 साल पहले बुंदेलखंड की स्थिति पूरी तरह अलग थी। सड़कों की हालत खराब थी, पानी की समस्या गंभीर थी और युवाओं के सामने पहचान का संकट था। लेकिन आज क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
मानसून में देरी पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मानसून की देरी का जिक्र करते हुए कहा कि 21 जून तक मानसून नहीं पहुंचा है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में अलनीनो के प्रभाव के कारण कम और असमय वर्षा की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में हर नागरिक को पानी बचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि "हर घर नल योजना" का उद्देश्य केवल पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। लोगों को जरूरत के अनुसार ही पानी का उपयोग करना चाहिए।
सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में धार्मिक आयोजनों को लेकर भेदभाव किया जाता था। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कृष्ण जन्मोत्सव और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी, जबकि अन्य आयोजनों को बढ़ावा दिया जाता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो रहे हैं।
यूपी में बन रहे हथियार और मिसाइल
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है। गोला-बारूद, तोप और मिसाइलों का निर्माण प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत किया है।
बुंदेलखंड को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश के जरिए क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने महोबा, चित्रकूट, बांदा और हमीरपुर में विकास कार्यों को गति देने की बात कही। साथ ही कहा कि आल्हा-ऊदल की वीर गाथाओं को वैश्विक पहचान दिलाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है और बुंदेलखंड को देश के प्रमुख विकासशील क्षेत्रों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।