जौनपुर में एक फीट के गड्ढे पर भिड़े 2 परिवार, स्कॉर्पियो से 9 लोगों को कुचला, चाची और चचेरे भाई की मौत, 7 घायल
जौनपुर I जौनपुर क्षेत्र के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में बुधवार सुबह घर के पास पानी निकालने के लिए एक फीट का गड्ढा खोदने को लेकर दो भाइयों के परिवारों में विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के युवक ने स्कॉर्पियो से दूसरे पक्ष के लोगों को रौंद दिया। हादसे में चाची और चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हैं। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर किया गया है। घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे की है।
पानी निकासी को लेकर चल रहा था विवाद
गांव निवासी नरेंद्र यादव और उनके छोटे भाई मनोज यादव के परिवारों के बीच घर के बगल में एक फीट का गड्ढा खोदने को लेकर विवाद चल रहा था। मनोज का परिवार घर का पानी इसी गड्ढे के रास्ते बाहर निकालना चाहता था, जबकि नरेंद्र का परिवार इसका विरोध कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे भी इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया था।
आमने-सामने आ गए 12 से 15 लोग
बुधवार सुबह करीब आठ बजे मनोज की पत्नी इंदू देवी गड्ढा खोदने लगीं तो नरेंद्र के परिवार ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के 12 से 15 लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसी बीच नरेंद्र का बेटा राम यादव (25) अपनी स्कॉर्पियो-एन लेकर तेज रफ्तार में पहुंचा और मनोज के परिवार के लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पलट गई।
इन लोगों की गई जान, ये हुए घायल
हादसे की चपेट में आने से मनोज की पत्नी इंदू देवी (40) और उनके भतीजे अमित यादव (20), पुत्र श्रवण यादव, की मौत हो गई। वहीं मनोज यादव, विलेश यादव (24), राजनाथ यादव (65), राजकुमार (45), साहबलाल (22), सनी यादव और किशन यादव (25) घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इंदू देवी और अमित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशन को वाराणसी रेफर किया गया है। पांच घायलों का जिला अस्पताल में और एक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानबूझकर चढ़ाई गाड़ी या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर दोनों भाइयों के बीच समझौते की बातचीत चल रही थी, इस दौरान गांव के कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि नरेंद्र यादव के बेटे राम ने लोगों पर स्कॉर्पियो चढ़ा दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। घटना जानबूझकर की गई या अनजाने में हुई दुर्घटना है, इसकी जांच की जा रही है।