प्रयागराज में राहुल गांधी ने बेरोजगारी पर उठाए सवाल, बोले- '1 हजार युवाओं में सिर्फ 12 को स्थायी नौकरी'...
प्रयागराज। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को करीब 20 मिनट तक संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, रोजगार, शिक्षा और सोशल मीडिया की बढ़ती लत को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी की बेटी मिराया भी मौजूद रहीं।
राहुल गांधी ने युवाओं को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर बढ़ते रील कल्चर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आपसे कहा जाता है कि जितनी रील देखनी है और जितनी रील बनाना चाहते हैं, बनाओ। यह रील 21वीं सदी का नशा है।"
'1 हजार युवाओं में सिर्फ 12 को स्थायी नौकरी'
राहुल गांधी ने देश में रोजगार की स्थिति को लेकर दावा किया कि 1 हजार युवाओं में केवल 12 को ही स्थायी नौकरी मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं का डेटा लेकर बड़ी-बड़ी कंपनियों को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में करीब 40 करोड़ युवा हैं और यही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। राहुल ने कहा कि चीन की ताकत की चर्चा होती है, लेकिन भारत के युवाओं की क्षमता के सामने चीन की ताकत कुछ भी नहीं है।
डिग्री मिलने के बाद भी रोजगार की गारंटी नहीं
राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारों से लाखों करोड़ रुपये लिए जाते हैं और बदले में युवाओं को BA-MA जैसी डिग्रियां मिलती हैं, लेकिन ये डिग्रियां रोजगार की गारंटी नहीं देतीं।
उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता और अधिकारों को समझने की अपील करते हुए कहा कि देश की दिशा तय करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
23 जिलों से पहुंचे छात्र
प्रयागराज में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 23 जिलों से छात्रों को बुलाया गया था। कार्यक्रम पहले शाम 6 बजे प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसका समय बढ़ाकर शाम 7 बजे कर दिया गया। कांग्रेस ने दावा किया था कि कार्यक्रम के लिए 2 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
राहुल गांधी के संबोधन के दौरान रोजगार, शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।