{"vars":{"id": "130921:5012"}}

इंडिगो का संकट जारी: 15 उड़ानें फिर कैंसिल, साढ़े पांच हजार यात्री हुए परेशान

 

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर बीते पांच दिनों से बिगड़ा उड़ान संचालन अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है। मंगलवार को यहां आने और यहां से उड़ान भरने वाली 15 फ्लाइटें रद्द कर दी गईं, जबकि 8 उड़ानें देरी से रवाना हुईं। इसके कारण करीब 5,400 यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उड़ानें रद्द होने और लगातार देरी से चलने के चलते 190 यात्रियों ने अपने टिकट कैंसिल करा दिए।

हालांकि, स्थिति पूरी तरह बेहतर तो नहीं हुई है, लेकिन कई उड़ानें समय पर भी रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिली। इंडिगो के काउंटर पर पिछले दिनों की तुलना में मंगलवार को हल्की राहत रही और भीड़ कम नजर आई।

कई प्रमुख शहरों की उड़ानें रद्द

मंगलवार को जिन उड़ानों को रद्द किया गया उनमें

  • दिल्ली

  • बेंगलूरू

  • मुंबई

  • कोलकाता

  • अहमदाबाद

  • हैदराबाद

की फ्लाइटें शामिल थी। सबसे बड़ी दिक्कत यह रही कि कई यात्रियों को उड़ान रद्द होने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी, जिससे वे एयरपोर्ट पर काउंटर से काउंटर भटकते रहे।

यात्रियों की दिक्कतें: रातभर लखनऊ में रुकना पड़ा

सीतापुर से आए अतुल सिंह ने बताया कि उन्हें रात 10:45 बजे की इंडिगो फ्लाइट से बेंगलूरू जाना था। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पता चला कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अब उन्हें बुधवार की उड़ान पर शिफ्ट किया जा रहा है।

अयोध्या के विवेक का भी यही हाल रहा। उनकी शाम 7:20 बजे दिल्ली वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इंडिगो कर्मचारी उन्हें बुधवार की उड़ान से भेजने की बात कह रहे हैं।

मोहम्मद नदीम मुंबई और वहां से बहरीन जाने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि शाम 7:40 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान रद्द है। अब उन्हें भी अगले दिन भेजा जाएगा, जिसके कारण उन्हें रातभर लखनऊ में रुकना पड़ेगा।