{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : झांसी में CM योगी ने किया योग, बोले- योग अपनाइए, रोग-बीमारी और बुढ़ापे से बचिए

 

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम झांसी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुष पत्रिका का विमोचन भी किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि जीवन के चारों पुरुषार्थ तभी पूरे किए जा सकते हैं, जब व्यक्ति का शरीर स्वस्थ हो। यदि शरीर स्वस्थ नहीं है, तो किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने की कल्पना करना कठिन हो जाता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रखी गई है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।

योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस व्यक्ति का शरीर योग से तपकर मजबूत हुआ है, वहां न रोग है, न बीमारी और न ही बुढ़ापा। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि यदि इन समस्याओं से बचना है तो योग को जीवन में अपनाना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरी दुनिया 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रही है।

उन्होंने बताया कि योग दिवस का आयोजन केवल झांसी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों, 825 विकासखंड मुख्यालयों, 350 तहसीलों और 762 नगर निकायों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा

योग दिवस के इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।