{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जनता दर्शन: जनसमस्याओं पर सख्त हुए डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य, अफसरों से बोले- सिर्फ कागजी नहीं, स्थायी समाधान करें

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को 7-कालिदास मार्ग स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से जाना और संबंधित अधिकारियों को मामलों का जल्द, प्रभावी और समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग, युवा और दिव्यांगजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने भूमि और राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी शिकायतें उप मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

मौर्य ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन सरकार और आम लोगों के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का सिर्फ औपचारिक या कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि समस्या का वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उनकी समस्याओं का समाधान कराने के साथ ही पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकार और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

केशव मौर्य ने अधिकारियों को प्रत्येक मामले में जवाबदेही तय करने और शिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मौके पर जांच जरूरी हो, वहां अधिकारी या संबंधित टीम मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करे और उसके आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर उन्होंने जिलाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराई जाए और नियमों के अनुसार समाधान कराया जाए। अवैध कब्जे और उत्पीड़न से जुड़े मामलों में भी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने को कहा गया।

जनता दर्शन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि लोगों को राहत दिलाना और उनकी समस्या का संतोषजनक समाधान कराना है।

अंत में मौर्य ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता के साथ संवेदनशीलता और जवाबदेही से काम करें, ताकि जनता दर्शन में अपनी फरियाद लेकर आने वाला कोई भी पीड़ित व्यक्ति निराश होकर वापस न लौटे।