{"vars":{"id": "130921:5012"}}

की-पैड मोबाइल, सादा जीवन और बेदाग छवि... UP के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन, 5 बार जीती थी विधायकी

 

लखनऊ/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के सबसे उम्रदराज समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक आलमबदी आजमी का बुधवार देर रात 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने आजमगढ़ स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले चार महीनों से अस्वस्थ थे और लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा।

आलमबदी आजमी आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। अपनी सादगी, ईमानदारी और गांधीवादी जीवनशैली के लिए वह पूरे प्रदेश में अलग पहचान रखते थे। उन्हें समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में गिना जाता था।

करीब पांच महीने पहले वह स्कूटी से विधानसभा पहुंचे थे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल Media पर काफी चर्चा में रहे थे। उनका सादा जीवन हमेशा लोगों के लिए प्रेरणा का विषय रहा।

सादगी ही थी उनकी सबसे बड़ी पहचान

आलमबदी आजमी आधुनिक सुविधाओं से दूर रहते थे। वह आज भी की-पैड वाला मोबाइल फोन इस्तेमाल करते थे। उनके पास न कोई आलीशान बंगला था, न महंगी कार और न ही बड़ा सुरक्षा काफिला। बताया जाता है कि वह साधारण कपड़े पहनते थे और अक्सर बस या कार्यकर्ताओं से लिफ्ट लेकर अपने क्षेत्र का दौरा करते थे। रोजाना लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।

चार विधानसभा सीटें हुईं रिक्त

आलमबदी आजमी के निधन के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा की चार सीटें रिक्त हो गई हैं। इनमें तीन सीटें समाजवादी पार्टी और एक सीट भारतीय जनता पार्टी के खाते की हैं। इससे पहले इस वर्ष जनवरी में दुद्धी (सोनभद्र) से सपा विधायक विजय सिंह गोंड और फरीदपुर (बरेली) से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का निधन हो चुका है। वहीं, पिछले वर्ष घोसी (मऊ) से सपा विधायक सुधाकर सिंह का भी निधन हुआ था। विधानसभा कार्यकाल समाप्त होने में एक वर्ष से कम समय बचा होने के कारण इन सीटों पर उपचुनाव होने की संभावना नहीं है।

अखिलेश यादव ने जताया शोक

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आलमबदी आजमी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा से लोकप्रिय विधायक जनाब आलमबदी साहब का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।