{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Lakhimpur Kheri Fire: दिवाली की रात बनगवां मंडी में आग का तांडव, 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख

 

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में दिवाली की रात एक बड़ा हादसा हो गया। गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र की बनगवां मंडी में भीषण आग लगने से 50 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर खाक हो गया। इस घटना से कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग ने छीन ली दुकानदारों की जिंदगीभर की कमाई

जब पूरा इलाका दिवाली की खुशियां मना रहा था, उसी दौरान बनगवां मंडी में आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

किसी की दुकान में रखा पूरा सामान जल गया तो किसी का वर्षों से खड़ा कारोबार कुछ ही देर में तबाह हो गया। इस हादसे के बाद पीड़ित दुकानदारों का दर्द भी सामने आया। एक दुकानदार ने अपनी बर्बादी बयां करते हुए कहा, ''जिंदगी बर्बाद हो गई कतई भैया... सब कुछ जलकर राख हो गया।''

इस अग्निकांड ने कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। जिन दुकानों के सहारे परिवारों का गुजर-बसर होता था, वे अब राख के ढेर में तब्दील हो चुकी हैं।

लखीमपुर से लेकर नेपाल तक से पहुंची मदद

आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए लखीमपुर, गोला और निघासन से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी में जुट गए।

बनगवां मंडी भारत-नेपाल सीमा के पास स्थित है। ऐसे में इस मुश्किल घड़ी में पड़ोसी देश नेपाल से भी मदद के हाथ आगे बढ़े। नेपाल के धनगढ़ी के मेयर गोपी हमाल ने मानवीय सहायता के तहत दो दमकल गाड़ियां, एक जेसीबी और नगर प्रहरी की टीम घटनास्थल के लिए रवाना की।

मुआवजे की मांग, नुकसान का आकलन जारी

इस भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित दुकानदारों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कारोबारियों और स्थानीय लोगों की ओर से पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग उठ रही है।

दिवाली जैसे खुशियों के त्योहार पर हुए इस हादसे ने कई परिवारों की जिंदगी में अंधेरा कर दिया है। अब पीड़ित दुकानदारों को प्रशासन से राहत और आर्थिक मदद की उम्मीद है।