लखीमपुर खीरी में तेंदुए का आतंक, गन्ने के खेत में चार साल के बच्चे को मार डाला
लखीमपुर खीरी। पलियाकलां क्षेत्र के गांव देवीपुर में बुधवार शाम तेंदुए के हमले से दहला देने वाली घटना सामने आई। गन्ने के खेत में काम कर रहे एक मजदूर के चार वर्षीय बेटे अराध्यम पर तेंदुए ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मासूम का शव खेत में मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार चंदन चौकी क्षेत्र के ग्राम परसिया निवासी राधे करीब 40 किलोमीटर दूर देवीपुर गांव में एक सिख परिवार के फार्म पर मजदूरी करता है। बुधवार को वह अपने परिवार के साथ खेत में गन्ना छीलने गया था। शाम करीब चार बजे गन्ने के घने झुरमुट में छिपे तेंदुए ने अचानक राधे के बेटे अराध्यम पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए खेत के अंदर ले गया।
परिजनों ने बच्चे को बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तेंदुआ मासूम को काफी अंदर तक ले जा चुका था। काफी तलाश और मशक्कत के बाद बच्चे का लहूलुहान शव खेत से बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
वन विभाग के खिलाफ फूटा आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही पलिया रेंजर विनय कुमार सिंह ने डिप्टी रेंजर शिव बाबू सरोज के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। रेंजर ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इलाके में तेंदुए के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे खेतों में काम करना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।