{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखीमपुर खीरी में तेंदुए का आतंक : चारपाई पर सो रही महिला को उठा ले गया, आधे घंटे बाद खेत में मिला शव

 
लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेंदुए के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर गर्दन दबोच ली और उसे घसीटते हुए खेतों की ओर ले गया।

महिला की चीख सुनकर परिवार और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पीछे दौड़े, लेकिन तेंदुआ अंधेरे में गायब हो गया। करीब आधे घंटे बाद महिला का शव घर से लगभग 50 मीटर दूर खेत में मिला। बताया जा रहा है कि तेंदुआ महिला की गर्दन बुरी तरह नोच चुका था।

चारपाई पर सो रही थी महिला

साहिंजना गांव निवासी माता प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी संध्या देवी (32) बेटे को खाना खिलाने के बाद घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर चारपाई पर सो गई थीं।

इसी दौरान अचानक तेंदुआ पहुंचा और महिला को दबोचकर ले गया। परिवार और ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन तेंदुआ नहीं रुका।

खेत में मिला शव

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने खेतों व झाड़ियों में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव खेत में पड़ा मिला।

ग्रामीणों का हंगामा, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पहले से तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात

स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियातन कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।

दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

वहीं मनोज तिवारी ने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।