लखनऊ : तेज रफ्तार कार का कहर, महिला टीचर की कार से कुचलकर 8 साल के बच्चे की मौत, गुस्साए लोगों ने बनाया बंधक
Lucknow: राजधानी लखनऊ में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल के मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे वह करीब 30 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद इलाके में गुस्साए लोगों ने कार में सवार तीन महिला टीचरों को घेर लिया और करीब आधे घंटे तक बंधक बनाकर रखा।
घटना मोहमनलालागंज थाना क्षेत्र के इमलियाखेड़ा गांव की बताई जा रही है। मृतक बच्चे की पहचान अर्जुन (8) पुत्र टिंकल के रूप में हुई है।
भंडारे में प्रसाद खाने गया था बच्चा
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अर्जुन गांव में सड़क किनारे चल रहे भंडारे में प्रसाद खाने गया था। उसी दौरान सड़क किनारे खड़े बच्चे को तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा कार के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गुस्साए लोगों ने महिला टीचरों को घेरा
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने किसी तरह कार को रुकवाया और घायल बच्चे को अस्पताल भेजा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार में सवार तीन महिला टीचरों को घेर लिया और करीब 30 मिनट तक उन्हें वहीं रोके रखा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद भीड़ शांत हुई।
रायबरेली से लौट रही थीं टीचर
पुलिस के अनुसार कार चला रही महिला की पहचान रेनू संजीव कुमार के रूप में हुई है, जो लखनऊ के तेलीबाग इलाके की रहने वाली हैं। कार में उनके साथ दो अन्य महिला टीचर भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि तीनों रायबरेली के एक स्कूल में पढ़ाती हैं और रोजाना लखनऊ से एक साथ स्कूल आती-जाती हैं। शुक्रवार शाम भी वे स्कूल से लौटते समय इस हादसे का शिकार हो गईं।
पुलिस ने कार कब्जे में ली
पुलिस ने तीनों महिला शिक्षकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई और कार को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार में सबसे छोटा था अर्जुन
मृतक अर्जुन के पिता टिंकल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अर्जुन तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उससे बड़ा भाई करन और बहन पल्लवी है। बेटे की मौत से मां कमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद सीएचसी मोहनलालगंज में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।