लखनऊ : बीटेक छात्रा का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पिता ने पड़ोसी युवक पर जताया हत्या का शक
लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में बीटेक फाइनल ईयर की छात्रा का शव किराए के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान वैष्णवी यादव (25) के रूप में हुई है, जो अयोध्या के रौनही थाना क्षेत्र स्थित कटरौली गांव की रहने वाली थी।
4 साल से किराए पर रह रही थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, वैष्णवी पिछले चार वर्षों से बिजनौर थाना क्षेत्र की सीमा सिटी में किराए पर रह रही थी। वह बीटेक फाइनल ईयर की छात्रा थी और पार्ट टाइम तौर पर एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में वर्क फ्रॉम होम करती थी। उसके बगल के कमरे में रहने वाला युवक उदित भी उसी कंपनी में काम करता था।
फोन नहीं उठाने पर कमरे पहुंचा युवक
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर उदित ने वैष्णवी को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह उसके कमरे पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने दरवाजे को धक्का दिया, जिससे वह खुल गया। अंदर वैष्णवी का शव पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।युवक ने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी।
कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। कमरे की तलाशी में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पिता बोले- ‘बेटी की हत्या हुई’
मृतका के पिता अमर बहादुर यादव ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कमरे का दरवाजा खुला था और कुंडी भी टूटी नहीं थी। उन्होंने कहा कि कमरे में लगा पंखा काफी ऊंचाई पर है और कुर्सी लगाने के बाद भी वहां दुपट्टा बांधना आसान नहीं था। ऐसे में उन्हें शक है कि उदित ने ही उनकी बेटी की हत्या की है।
शादी तय होने की बात भी आई सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि वैष्णवी की शादी तय हो चुकी थी और वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल उदित से पूछताछ की जा रही है।