लखनऊ : केदारनाथ यात्रा पर गया परिवार, पीछे से चोरों ने साफ किया घर
लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना दाउदनगर स्थित अटल विहार कॉलोनी की है, जहां परिवार केदारनाथ और उत्तराखंड यात्रा पर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में रखा सामान पार कर दिया।
पीड़ित विनोद कुमार खरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ 7 मई को घर में ताला लगाकर केदारनाथ यात्रा पर गए थे। रविवार देर रात अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने लोगों से घर खाली छोड़ने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पड़ोसियों को जानकारी देकर जाने की अपील की है।