{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ : दो बेटों ने मां संग मिलकर पिता को उतारा मौत के घाट, हादसा दिखाने के लिए शव गड्‌ढे में फेंका

 
मलिहाबाद में ई-रिक्शा चालक की संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान दोनों बेटे एक-दूसरे पर पिता की हत्या का आरोप लगाते रहे, जिससे अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या किसने और किन कारणों से की। पुलिस सभी बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। वहीं, मृतक की पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर भी दी है।

मलिहाबाद के खड़ता गांव निवासी 50 वर्षीय अर्जुन पाल का शव मंगलवार सुबह नबीनगर नहर पुलिया के पास एक गड्ढे में मिला था। मृतक के भाई मुन्नू लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। वहां अर्जुन का शव ई-रिक्शा के नीचे दबा मिला। चेहरे पर चोट के निशान थे और पास में स्टील की टंकी व खून से सना बिस्तर पड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि अर्जुन की पत्नी शिवरानी और दोनों बेटों रूपलाल व राजेंद्र ने मिलकर हत्या की और इसे हादसा दिखाने के लिए शव को गड्ढे में फेंककर ऊपर से ई-रिक्शा गिरा दिया।

कमरे में मिले खून के निशान, ग्रामीणों का शक गहराया

ग्रामीणों और मृतक के भाई के अनुसार, बीते कुछ दिनों से अर्जुन का पत्नी और बेटों से विवाद चल रहा था। जब मंगलवार सुबह अर्जुन का शव मिला तो ग्रामीणों को परिजनों पर शक हुआ। गांव वाले जब घर पहुंचे और पत्नी व बेटों से पूछताछ की तो तीनों के जवाब गोलमोल थे। इतना ही नहीं, अर्जुन की मौत पर उनके चेहरे पर कोई शोक के भाव भी नहीं दिखे।

ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे के फर्श पर खून के निशान मिले। इसके बाद उन्होंने कमरे में ताला लगा दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मलिहाबाद पुलिस ने ताला खोलकर जांच की, जहां फर्श पर खून फैला हुआ मिला।

रात में शव ठिकाने लगाने की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार रात करीब तीन बजे अर्जुन का ई-रिक्शा गांव की उन गलियों से गुजरता दिखा, जहां से वह आमतौर पर नहीं निकलता था। उस वक्त लोगों ने इसे सामान्य समझा। लेकिन मंगलवार सुबह जब ई-रिक्शा पलटने और अर्जुन की मौत की खबर आई तो संदेह और गहरा गया। ग्रामीणों ने जब परिजनों को देखा तो उनकी आंखों में आंसू तक नहीं थे, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई।

हत्या का कारण अब भी साफ नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अर्जुन की हत्या किसने और क्यों की। ग्रामीणों के मुताबिक, अर्जुन और उसके दोनों बेटे शराब पीने के आदी थे, जिस वजह से आए दिन घर में विवाद होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार रात नशे की हालत में हुए झगड़े के दौरान किसी भारी वस्तु से सिर पर वार किया गया, जिससे अर्जुन की मौत हो गई। इसके बाद पत्नी और बेटों ने मिलकर घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को गड्ढे में फेंक दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या की सच्चाई सामने लाई जाएगी।लखनऊ : दो बेटों ने मां संग मिलकर पिता को उतारा मौत के घाट, हादसा दिखाने के लिए शव गड्‌ढे में फेंका