{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Mahakumbh Datoon Boy: महाकुंभ के ‘दातून बॉय’ आकाश यादव ने प्रेमिका मनीषा से की शादी, अब पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

 

प्रयागराज महाकुंभ में दातून बेचकर सोशल मीडिया पर रातोंरात मशहूर हुए आकाश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनकी निजी जिंदगी को लेकर हो रही है। आकाश ने अपनी प्रेमिका मनीषा के साथ शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों ने सात नवंबर को जौनपुर के शीतला चौकिया धाम में विवाह किया। हालांकि, इस शादी से मनीषा के परिजन कथित तौर पर नाराज हैं। ऐसे में आकाश ने अपनी पत्नी के साथ एक वीडियो जारी कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

SP से लगाई सुरक्षा की गुहार, जान का खतरा बताया

जौनपुर के मड़ियाहूं क्षेत्र के मड़ियांव गांव के रहने वाले आकाश यादव ने वीडियो संदेश के जरिए पुलिस प्रशासन से मदद मांगी है। वीडियो में वह अपनी पत्नी मनीषा के साथ दिखाई दे रहे हैं। आकाश ने जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) से अपील करते हुए कहा कि उसने और मनीषा ने अपनी मर्जी से शादी की है।

आकाश का आरोप है कि इस रिश्ते से लड़की के परिवार वाले खुश नहीं हैं। उसे आशंका है कि शादी से नाराज परिजन दोनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी डर के चलते उसने पुलिस से जल्द सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

शीतला चौकिया धाम में सात नवंबर को रचाई शादी

जानकारी के मुताबिक, आकाश और मनीषा ने सात नवंबर को शीतला चौकिया धाम में शादी की। वायरल वीडियो में मनीषा भी अपनी बात रखती नजर आ रही है। उसका कहना है कि उसने अपनी मर्जी से आकाश के साथ विवाह किया है और अब वह उसकी पत्नी है। उसने अपने परिवार वालों से दोनों को परेशान न करने की अपील भी की है।

बताया जा रहा है कि शादी के समय आकाश की उम्र 21 साल और मनीषा की उम्र 18 साल है। दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी करने की बात कह रहे हैं। फिलहाल आकाश अपनी पत्नी के साथ सुरक्षा की मांग कर रहा है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में शिकायत मिलने से इनकार किया है।

महाकुंभ में दातून बेचकर रातोंरात हुए थे मशहूर

आकाश यादव को प्रयागराज महाकुंभ के दौरान देशभर में पहचान मिली थी। महाकुंभ मेले में वह दातून बेचकर अपना गुजारा करते थे। उनके बात करने के अंदाज और दातून बेचने के तरीके ने लोगों का ध्यान खींचा। देखते ही देखते वह सोशल मीडिया पर ‘दातून बॉय’ के नाम से मशहूर हो गए।

उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोनी टीवी ने उन्हें फ्लाइट से मुंबई बुलाया था। यह आकाश की जिंदगी की पहली हवाई यात्रा थी। इसके बाद उन्हें डांस के महामुकाबला कार्यक्रम के मंच पर भी जगह मिली, जहां उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातें साझा की थीं।

प्रेमिका मनीषा ने ही दिया था दातून बेचने का आइडिया

टीवी कार्यक्रम के दौरान आकाश ने बताया था कि एक समय वह बेरोजगार थे। उनके पिता ने उन्हें काम की तलाश में मुंबई जाने की सलाह दी थी। जब उन्होंने यह बात अपनी प्रेमिका मनीषा को बताई तो वह भावुक हो गई थी।

इसके बाद मनीषा ने ही उन्हें प्रयागराज महाकुंभ में दातून बेचने का सुझाव दिया था। आकाश ने प्रेमिका की सलाह मानी और महाकुंभ में दातून बेचना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि उन्होंने पहले ही दिन करीब 12 हजार रुपये की कमाई की थी।

बिना किसी बड़े निवेश के शुरू किया गया यह काम उनकी पहचान बन गया। अब वही आकाश अपनी प्रेमिका के साथ शादी को लेकर चर्चा में हैं। फिलहाल दोनों ने पुलिस से सुरक्षा मांगी है और मामले में आगे की स्थिति पर सबकी नजर बनी हुई है।