{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मथुरा-काशी मंदिर को लेकर महंत राजू दास का बड़ा बयान, बोले- किसी माई के लाल...

 

अयोध्या। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। गोरखपुर में एक निजी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में विपक्ष की स्थिति बेहद कमजोर हो जाएगी और समाजवादी पार्टी 40 सीटों का आंकड़ा छूते-छूते परेशान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही मथुरा और काशी में मंदिर निर्माण का रास्ता आगे बढ़ेगा।

महंत राजू दास ने कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा और काशी को लेकर भी न्यायिक प्रक्रिया के साथ आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों के लिए संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कारसेवा शुरू करने की बात भी कर रहे हैं और मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा, हम संवैधानिक रूप से कार्यक्रम करते हैं। जैसे हमने अयोध्या में संवैधानिक रूप से कार्यक्रम किया. उसी प्रकार वहां पर भी (मथुरा-काशी) उस स्ट्रक्चर को ध्वस्त करेंगे. कोई माई का लाल रोक नहीं पाएगा।

उन्होंने राम मंदिर निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि दोनों के नेतृत्व के बिना अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव नहीं होता। राजू दास ने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के बाद अब उनकी नजर मथुरा और काशी पर है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि मथुरा-काशी को लेकर भी आगे निर्णायक कदम उठेंगे।

महंत राजू दास ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता मंदिर और सनातन से जुड़े मुद्दों पर केवल राजनीति करते हैं। अखिलेश यादव के कुछ बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में निराशा बढ़ रही है और 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की हालत खराब होने वाली है। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें देश की संस्कृति, सनातन परंपरा और महापुरुषों के अनुरूप राजनीति करनी चाहिए।

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर भी राजू दास ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच और कानूनी प्रक्रिया को अपना काम करने देना चाहिए। उनके मुताबिक, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और अंततः 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो जाएगा।

महंत राजू दास ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद राम मंदिर निर्माण और शहर के विकास के लिए योगी आदित्यनाथ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे में मथुरा और काशी से जुड़े मुद्दों पर भी उन्हें विश्वास है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित निर्णय होगा।