{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सोनभद्र में बड़ा हादसा: सीओ पिपरी की बोलेरो खाई में पलटी, महिला की मौत

 

Sonbhadra/Varanasi : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुर्धवा मोड़ के पास तेज रफ्तार में आ रही सीओ पिपरी की सरकारी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में पैदल जा रही 55 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, उनका गनर और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

खाना लेकर जा रही महिला की गई जान

खाड़पाथर निवासी अस्पताली देवी (55), पत्नी कमलेश सिंह, सोमवार दोपहर अपने पति और बच्चों के लिए खाना लेकर मुर्धवा मोड़ की ओर जा रही थीं। उनके पति का वहां होटल है। महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तभी पीछे से तेज गति में आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें अपनी चपेट में लेते हुए खाई में पलट गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

दुर्घटना में वाहन में सवार सीओ पिपरी हर्ष पांडेय, गनर और चालक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से हिंडालको अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सीओ पिपरी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासन मौके पर, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही दुद्धी एसडीएम निखिल यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।