UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 27 IPS अफसरों के तबादला, 13 जिलों के कप्तान बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए सरकार ने सोमवार देर शाम 27 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस तबादले में 13 जिलों के पुलिस कप्तान (एसपी/एसएसपी) भी शामिल हैं, जिससे प्रदेश के कई जिलों की कानून-व्यवस्था की कमान नए अधिकारियों के हाथों में सौंप दी गई है।
कहीं शिकायत, कहीं रूटीन ट्रांसफर
सूत्रों के मुताबिक, कुछ तबादले शिकायतों और लापरवाही के आधार पर किए गए हैं, जबकि कई को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि लंबे समय बाद इतनी बड़ी संख्या में जिलों के कप्तानों को एक साथ बदला गया है। इससे पहले बदायूं के चर्चित दोहरे हत्याकांड के बाद वहां के एसएसपी को हटाया गया था।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार कई वरिष्ठ और युवा अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है:
- चंद्रप्रकाश — आईजी सुरक्षा
- राजेश द्विवेदी — सेनानायक पीएसी अलीगढ़
- प्रबल प्रताप सिंह — एसपी क्राइम मुख्यालय
- विद्या सागर मिश्रा — सेनानायक पीएसी सीतापुर
- राजेश कुमार द्वितीय — सेनानायक पीएसी मेरठ
- आदित्य लांग्हे — एसपी फिरोजाबाद
- ईला मारन — एसएसपी एटा
- डॉ. दुर्गेश कुमार — सेनानायक SSF अयोध्या
- रामनयन सिंह — सेनानायक पीएसी नोएडा
- सौरभ दीक्षित — एसपी शाहजहांपुर
- सोमेंद्र मीणा — एसपी रामपुर
- डॉ. दीक्षा शर्मा — डीसीपी लखनऊ कमिश्नरेट
- निपुण अग्रवाल — सेनानायक पीएसी मुरादाबाद
- विश्वजीत श्रीवास्तव — एसपी बहराइच
- लाखन सिंह यादव — एसपी अमरोहा
- विनय सिंह — एसपी जालौन
- शशांक सिंह — एसपी महोबा
- शक्ति मोहन अवस्थी — एसपी महराजगंज
- आकाश पटेल — एसपी चंदौली
- सत्य नारायण प्रजापति — एसपी कौशांबी
- मृगांक शेखर पाठक — एसपी हमीरपुर
- आदित्य बंसल — एसपी सिटी अलीगढ़
- अमृत जैन — एसपी सिटी मुजफ्फरनगर
युवा अधिकारियों को मिला मौका
इस बार तबादलों में युवा आईपीएस अधिकारियों को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही जो अधिकारी लंबे समय से फील्ड पोस्टिंग से दूर थे, उन्हें जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के इस कदम को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
आगे भी हो सकते हैं तबादले
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह तबादला सूची अभी अंतिम नहीं है। आने वाले दिनों में और जिलों में भी पुलिस अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं, खासकर उन अधिकारियों को हटाया जा सकता है जो लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात हैं।