यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई तैनाती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। मंडलायुक्त, ग्राम्य विकास, आयुष मिशन, राजस्व परिषद, जल निगम और सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के मुताबिक संगीता सिंह को अलीगढ़ मंडलायुक्त के पद से हटाकर मुरादाबाद की मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं ओम प्रकाश आर्य को राजस्व परिषद, प्रयागराज से स्थानांतरित कर मंडलायुक्त अलीगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक, आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश बनाया गया है। वहीं चैत्रा वी. को आयुष विभाग से हटाकर सदस्य (प्रशासनिक), राजस्व परिषद, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है।
इसी क्रम में प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। जल निगम में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। रवींद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और राज्य मिशन निदेशक, अमृत के पद से मुक्त कर दिया गया है। इन पदों का अतिरिक्त प्रभार मासूम अली सरवर को सौंपा गया है।
वहीं डॉ. राज शेखर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के पद से हटाकर सचिव, नियोजन विभाग तथा महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। योगेश कुमार को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता के पद पर तैनात किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में गुरर्ला श्रीनिवासुलु को सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग, अमृत पाल कौर को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड और देवेंद्र कुमार पाण्डेय को विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विवेक श्रीवास्तव को विशेष सचिव, पशुधन विभाग बनाया गया है।
इसके अलावा अमृत त्रिपाठी को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज और ओम प्रकाश राय को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर तैनात किया गया है। वहीं नवनीत सेहारा को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के पद से मुक्त कर दिया गया है।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के जरिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार में भी शनिवार देर रात 23 IAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे।