{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP वन विभाग में बड़ा फेरबदल: 9 DFO समेत 14 IFS अधिकारियों के तबादले, वाराणसी को मिली नई DFO

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार 9 प्रभागीय वन अधिकारियों (DFO) समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची के तहत वाराणसी की डीएफओ स्वाति का स्थानांतरण उन्नाव कर दिया गया है। वहीं बदायूं में तैनात डीएफओ निधि चौहान को वाराणसी वन प्रभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कानपुर में तैनात डीएफओ दिव्या का तबादला जौनपुर किया गया है। गोरखपुर के डीएफओ विकास यादव को झांसी वन प्रभाग भेजा गया है। उन्नाव की डीएफओ आरुषि मिश्रा को कैमूर वन्यजीव प्रभाग, मिर्जापुर में तैनाती दी गई है।

इसके अलावा सहारनपुर के डीएफओ शुभम सिंह को गोरखपुर वन प्रभाग का नया प्रभागीय वन अधिकारी बनाया गया है।

वन विभाग में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में और अधिक दक्षता तथा बेहतर प्रबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द ही अपने नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग के इस तबादला आदेश के बाद कई महत्वपूर्ण वन प्रभागों में नई कार्यशैली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।