{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लखनऊ के विकास नगर में लगी भीषण आग: 30 से ज्यादा सिलेंडर फटे, 200 झोपड़ियां जलकर राख, मौके पर पहुंचे डिप्टी CM

 
लखनऊ: विकास नगर सेक्टर-14 में बुधवार शाम करीब साढ़े 5 बजे शहर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि 30 से ज्यादा गैस सिलेंडर धमाकों के साथ फट गए, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। इस हादसे में 200 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। सरकार का एक्शन

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों की समीक्षा की। स्थानीय विधायक ओपी श्रीवास्तव भी मौके पर मौजूद रहे।

आग की लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करा लिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

राहत और बचाव कार्य जारी

फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। बाद में संख्या बढ़ाकर 20 से अधिक गाड़ियां लगा दी गईं, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई भी काट दी गई है।

डीजी फायर सुजीत पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही बीकेटी और इंदिरा नगर से तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।

जनहानि को लेकर अलग-अलग दावे

एक स्थानीय युवक ने दावा किया है कि उसके चार बच्चों की जलकर मौत हो गई, हालांकि अधिकारियों की ओर से अभी तक किसी भी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।