मिर्जापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो ट्रकों की चपेट में आईं कारें, 11 लोगों की मौत
मिर्जापुर : जिले के ड्रमंडगंज घाटी क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दो ट्रकों की चपेट में दो कारें आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालने और यातायात बहाल करने का काम शुरू किया।
राहत और बचाव कार्य जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के बाद ड्रमंडगंज घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार मौके पर मौजूद है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
बिहार और मध्यप्रदेश के ट्रक शामिल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल एक ट्रक बिहार नंबर का था, जबकि दूसरा ट्रक मध्यप्रदेश में पंजीकृत है। वहीं, एक कार सोनभद्र जिले की बताई जा रही है, जबकि दूसरी कार मिर्जापुर में रजिस्टर्ड थी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में नियंत्रण बिगड़ने से यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।