{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मिशन यूपी 2027: मथुरा में भाजपा का चुनावी महामंथन आज से, CM योगी और नितिन नवीन समेत जुटेंगे कई दिग्गज

 

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में जीत की रणनीति बनाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी सोमवार से मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित कर रही है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को शिविर में पहुंचेंगे।

इस चिंतन शिविर में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मौजूदा स्थिति, सामाजिक समीकरण और देश-प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी का मुख्य फोकस चुनाव से पहले सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर रहेगा।

संगठन के बड़े नेताओं का लगेगा जमावड़ा

मथुरा में होने वाली इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य और पार्टी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी भी हिस्सा लेंगे।

बैठक में संगठन के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि आने वाले दिनों में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है और संगठन को किस तरह चुनाव के लिए तैयार करना है।

बूथ मजबूत करने से लेकर नए वोटरों पर नजर

भाजपा की चुनावी रणनीति में इस बार बूथ प्रबंधन को खास अहमियत दी जा रही है। चिंतन शिविर में शक्ति केंद्रों को सक्रिय करने, घर-घर संपर्क अभियान चलाने और कमजोर बूथों की पहचान कर वहां संगठन की पकड़ मजबूत करने पर चर्चा होगी।

इसके अलावा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। पार्टी का जोर केवल अपने पारंपरिक मतदाताओं तक सीमित रहने के बजाय नए वोटरों को जोड़ने पर भी रहेगा। विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों और आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर भी मंथन होगा।

शिविर के बाद जिलों में उतरेंगे बड़े नेता

मथुरा में चिंतन शिविर खत्म होने के बाद भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेता अलग-अलग जिलों में जाकर चुनावी तैयारियों को धार देंगे। जिला और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही छोटी चुनावी सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाई जाएगी।

चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। उनसे अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में लगातार दौरा करने, संगठन की स्थिति का जायजा लेने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की अपेक्षा होगी।

सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की तैयारी

भाजपा की रणनीति में योगी सरकार के कामकाज और सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना भी अहम रहेगा। इसके लिए स्थानीय मुद्दों के साथ विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया जाएगा।

मथुरा के इस चिंतन शिविर को भाजपा की मिशन 2027 की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में होने वाले मंथन के बाद पार्टी अपनी चुनावी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। अब देखना होगा कि भाजपा का यह संगठनात्मक मंथन 2027 के चुनावी मैदान में कितना असर दिखाता है।