यूपी में एक्टिव हुआ मानसून : वाराणसी में झमाझम बारिश से बदला मौसम; 57 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार सुबह जहां वाराणसी में सुबह 8 बजे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है, वहीं लखनऊ, कानपुर, बरेली समेत कई शहरों में तेज धूप के साथ बीच-बीच में बादलों की आवाजाही देखने को मिली।
वाराणसी में सुबह से बारिश
वाराणसी में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। कई इलाकों में तेज बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बरेली में रातभर हुई बारिश, जलभराव से बढ़ी परेशानी
रविवार देर रात बरेली में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे सोमवार सुबह तक जलभराव की स्थिति बनी रही। पानी में फंसकर कई ई-रिक्शा पलट गए और स्कूल जाने वाले बच्चों सहित आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
57 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 57 जिलों में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लखनऊ, प्रयागराज, गाजियाबाद, बलिया समेत कई जिलों में दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आज शाम से मौसम और बदलेगा
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी तंत्र सोमवार शाम तक उत्तरी ओडिशा तट पार कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर तेज बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की स्थिति भी पैदा कर सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार से प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।