{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; 56 जिलों में वज्रपात का खतरा

 

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी के 24 जिलों में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 56 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।

बीते शनिवार और रविवार को लखनऊ समेत मध्यांचल, अवध और तराई के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। ऐसे में अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश में बारिश का दायरा और उसकी तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

लखीमपुर खीरी में 192.4 मिमी बारिश

रविवार को लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा 192.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर में 158 मिमी, बहराइच में 114 मिमी, लखनऊ में 100 मिमी, बिजनौर में 91 मिमी और श्रावस्ती में 85.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

लगातार बारिश के कारण कई इलाकों के तापमान में गिरावट आई है। इससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। हालांकि तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, भदोही, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

वहीं अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कौशांबी, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और उन्नाव समेत कई अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।