{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में मानसून की चाल पड़ी सुस्त, 2 अगस्त से मौसम लेगा करवट, कई जिलों में भारी बारिश के आसार

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं दिख रही है। सावन के महीने में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 1 अगस्त को प्रदेश के लिए किसी बड़े बारिश अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, अगले 40 से 48 घंटों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 2 अगस्त से पूर्वी उत्तर प्रदेश और 3 अगस्त से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। कई जिलों में लगातार तीन से चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आज इन जिलों में हल्की बारिश के आसार

फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें सहारनपुर, मथुरा, आगरा, हाथरस, मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।

तेज हवाओं के साथ बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार तक बड़ी बारिश की संभावना कम

मौसम विज्ञानी टी.बी. सिंह के अनुसार, रविवार तक प्रदेश में व्यापक या तेज बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन जोरदार मानसूनी बारिश के लिए लोगों को कुछ और दिन इंतजार करना होगा।

2 अगस्त से सक्रिय होगा मानसून

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 2 से 6 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और 3 से 6 अगस्त तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

मऊ में मौसम हुआ सुहावना

प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। हालांकि, बारिश की वजह से सड़कों पर आवाजाही कुछ धीमी रही और वाहन सावधानी के साथ चलते नजर आए।