जौनपुर में मां ने अपने ही बेटे को पत्थर से मार डाला, शव पत्तों के नीचे छिपाया
जौनपुर। जौनपुर जिले की सीमा से सटे जंघई क्षेत्र के सरायममरेज थाना अंतर्गत पिलखिनी गांव के पूरे जयसिंह बस्ती में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने ही पांच माह के दुधमुंहे बेटे की नुकीले पत्थर से पेट फाड़कर हत्या कर दी और शव को महुआ के पत्तों के नीचे छिपा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी मनोरमा अपने पांच महीने के बेटे ईश्वर के साथ घर पर रहती थी। बुधवार की शाम जब संतोष मजदूरी करके घर लौटा तो उसने देखा कि बच्चा घर में नहीं है। इस पर उसने पत्नी से बच्चे के बारे में पूछा।
बताया जाता है कि गुस्से में पत्नी मनोरमा ने कहा कि उसने बच्चे को मारकर तालाब के पास फेंक दिया है। यह सुनकर संतोष घबरा गया और बच्चे की तलाश में तालाब के पास पहुंचा, लेकिन वहां बच्चे का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद घर लौटकर जब उसने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो मनोरमा ने सच्चाई बता दी। उसने बताया कि उसने बच्चे की हत्या कर शव को पशुशाला में महुआ के पत्तों के नीचे छिपा दिया है। संतोष जब बताए गए स्थान पर पहुंचा तो अपने बेटे का शव देखकर स्तब्ध रह गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार रात सरायममरेज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा और जंघई चौकी इंचार्ज शरद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और मनोरमा संतोष यादव की दूसरी पत्नी बताई जा रही है।
सरायममरेज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह से परेशान होकर महिला द्वारा इस घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।