{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अमृत भारत ट्रेन इंजन बॉडी शेल पर रहस्य गहराया, GST शिकायत के 24 घंटे के भीतर हाईवे किनारे से हुई गायब

 

Varanasi/Chandauli : प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी अमृत भारत ट्रेन परियोजना से जुड़ी बताई जा रही एक लोकोमोटिव बॉडी शेल को लेकर नया विवाद सामने आया है। बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती-भभुआ क्षेत्र में नौबतपुर बॉर्डर के पास हाईवे किनारे टेंट के नीचे पिछले करीब 15 दिनों से खड़ी भारी-भरकम संरचना को लेकर उठे सवालों के बीच मामला तब और रहस्यमय हो गया, जब जीएसटी विभाग में शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर वह पूरी संरचना वहां से गायब हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक करोड़ों रुपये की रेलवे परियोजना से जुड़ी बताई जा रही यह बॉडी शेल खुले हाईवे किनारे कई दिनों तक खड़ी रही। लेकिन शिकायत के तुरंत बाद रातों-रात उसे हटाए जाने से पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है। लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर इतनी बड़ी संरचना को किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से हटाया गया।

मामले में जब बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के जनसंपर्क अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि उक्त बॉडी शेल दोबारा बरेका लाई जाती है तो उसकी तकनीकी जांच की जाएगी और गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने पर उसे निरस्त कर दिया जाएगा।

वहीं, बिहार जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। बाद में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया।

अब चंदौली और कैमूर क्षेत्र में यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि जीएसटी शिकायत के अगले ही दिन आखिर अमृत भारत ट्रेन की कथित लोकोमोटिव बॉडी शेल को किसने, क्यों और कहां हटाया? रेलवे, जीएसटी विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

BGT Exclusive : शिकायत के बाद संरचना का अचानक गायब होना पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है। जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।