CM योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को पड़ी भारी? 3 थानों में तहरीर; FIR की मांग
गोरखपुर के गोकुल भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की ओर से मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को इस मामले में कैंट थाने में दो अलग-अलग शिकायतें दी गईं, जबकि पीपीगंज थाने में भी एक तहरीर पहुंची है। शिकायतकर्ताओं ने नेहा बोरा के साथ कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ओबीसी पार्टी (वन भारत सिटीजन पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी मंगलवार को कार्यकर्ताओं के साथ कैंट थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा गोरखपुर की ऐतिहासिक भूमि को लेकर भी कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की गई। काली शंकर यदुवंशी ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इसी प्रकरण को लेकर विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष जनार्दन मिश्रा जे.डी. के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भी कैंट थाना प्रभारी को शिकायत दी। संगठन ने भाषण को अभद्र और भड़काऊ बताते हुए इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, भाजपा युवा मोर्चा के पीपीगंज मंडल अध्यक्ष आदर्श सिंह ने भी मंगलवार को पीपीगंज थाने में तहरीर दी। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का हवाला देते हुए नेहा बोरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। फिलहाल पुलिस शिकायतों और वीडियो की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।