ओपी राजभर की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, कहा- 'दम है तो लोकतांत्रिक तरीके से मैदान में लड़िए'
उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने बलिया की घटना का जिक्र करते हुए सपा पर गंभीर आरोप लगाए।
ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि, "मित्र अखिलेश यादव, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की संख्या में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा।" उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति भेदभावपूर्ण रही है।
'मुर्दाबाद के नारों से डरने वाला नहीं'
राजभर ने कहा कि वह विरोध, मुर्दाबाद के नारों या काले कपड़े दिखाए जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने लिखा, "हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। काला रंग हमें पसंद है, जितना दिखाना है दिखाइए।"
अखिलेश यादव को दी चुनावी चुनौती
सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव को लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने की चुनौती देते हुए कहा कि यदि दम है तो चुनावी मैदान में ताकत दिखाएं। उन्होंने कहा, "आओ मैदान में, चुनाव में दम दिखाओ। काला, लाल या हरा जो दिखाना है दिखा लेना, लेकिन भगवा फिर भी लहराएगा।"
योगी सरकार का भी किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में कहा कि वह संघर्ष से निकले नेता हैं और किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई तो योगी सरकार ऐसे लोगों से सख्ती से निपटना जानती है।
राजभर के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा और सुभासपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने की संभावना है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।