पालघर में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों से भरे टैम्पो की कंटेनर से टक्कर, 12 की मौत
महाराष्ट्र के पालघर (Palghar) जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारातियों से भरे एक टाटा टैम्पो और कंटेनर के बीच हुई भीषण टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
यह हादसा पालघर के धानीवरी इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बारातियों से भरे वाहन में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में करीब 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को तुरंत कासा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर मृतकों के अंतिम आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है।
इस भीषण हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद यातायात दोबारा शुरू हो सका।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम का माहौल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।