{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सो रहे थे यात्री, अचानक धुएं से भर गई बस… नोएडा में चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्री जिंदा जले​​​​​​​

 

नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में प्राइवेट स्लीपर AC बस आग की लपटों में घिर गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जिनमें 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर कूदते हुए अपनी जान बचाई, जबकि फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसा रात करीब 11:30 बजे जेवर एयरपोर्ट से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुआ। बताया गया कि बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। शुरुआती जांच के मुताबिक AC में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। CFO प्रदीप कुमार के अनुसार, आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को काटकर फायरकर्मी अंदर पहुंचे और एक-एक कर शवों को बाहर निकाला। राहत और बचाव अभियान करीब दो घंटे तक चला। आग इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।

हादसे के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे की दिल्ली-आगरा लेन करीब दो घंटे तक बंद रही। पुलिस ने बस के ड्राइवर पवन और कंडक्टर योगेश को हिरासत में लिया है। बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है और मध्य प्रदेश की है।

वहीं, हमीरपुर के एक यात्री ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद ड्राइवर ने तुरंत बस नहीं रोकी। यात्रियों ने जब खिड़कियों के शीशे तोड़ना शुरू किया, तब बस रोकी गई। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे में बचीं यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि घटना के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। किसी ने उन्हें जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी। आंख खुली तो चारों तरफ चीख-पुकार और धुआं था। यात्रियों का दम घुट रहा था और लोग घबराकर एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे।

रिंकी के मुताबिक, उन्होंने अन्य यात्रियों के साथ मिलकर बस की खिड़की तोड़ी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को घेर लिया और कई यात्री अंदर ही फंस गए।