जौनपुर में हॉकिन्स प्लांट पर उठे सवाल, 33% वृक्षारोपण नियम की होगी जांच
Jaunpur : उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को औद्योगिक क्षेत्र सीडा, सतहरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीबीडब्ल्यूटीएफ इकाई और हॉकिन्स कुकर्स लिमिटेड के प्लांट का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीबीडब्ल्यूटीएफ इकाई में कई खामियां पाई गईं। लॉगबुक का सही तरीके से मेंटेन न होना और संचालन के लिए अलग विद्युत मीटर का अभाव पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन माना गया। इस पर अध्यक्ष ने क्षेत्रीय अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और निर्देश जारी करने को कहा।
हॉकिन्स प्लांट में वृक्षारोपण पर सवाल
हॉकिन्स के प्रतिनिधियों ने बताया कि उद्योग का कुल क्षेत्रफल करीब 22 हजार वर्गमीटर है, जिसमें लगभग 8 हजार वर्गमीटर में निर्माण हुआ है। जब अध्यक्ष ने प्लांटेशन क्षेत्र के बारे में जानकारी मांगी तो अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर अध्यक्ष ने राज्य बोर्ड की सहमति शर्तों के अनुसार 33% वृक्षारोपण के अनुपालन की जांच के लिए ऑडिट कराने के निर्देश दिए।
उद्योगों को हरित पहल बढ़ाने की अपील
निरीक्षण के बाद इंडियन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन और ईंट भट्ठा निर्माता संघ के साथ बैठक की गई। इसमें उद्योगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।
अध्यक्ष ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को अपने कुल क्षेत्रफल के कम से कम 33% हिस्से में वृक्षारोपण करना अनिवार्य है। साथ ही सीएसआर फंड के जरिए इस कार्य को बढ़ावा देने और किसी एनजीओ के साथ मिलकर बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने की अपील की गई।
रोड किनारे प्लांटेशन के निर्देश
यू0पी0सीडा के सहायक अभियंता को सड़क किनारे खाली जमीन पर वृक्षारोपण कराने और इसकी जिम्मेदारी संबंधित उद्योगों को तय करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, सहायक अभियंता, इंडियन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश यादव, ईंट भट्ठा संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित करीब 50 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।