रायबरेली: तेज रफ्तार क्रेटा पुलिया से टकराई, सिपाही समेत तीन की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास हुआ, जहां 'पुलिस' लिखी क्रेटा कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित आगे बैठे व्यक्ति कार में ही फंस गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
ड्यूटी पर जा रहे थे सिपाही, रास्ते में दी थी चार लोगों को लिफ्ट
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले महाराज सिंह (50) रायबरेली दीवानी न्यायालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। वह मूल रूप से जालौन के निवासी थे और वर्तमान में परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। रोज की तरह बुधवार सुबह अपनी निजी क्रेटा कार (UP 32 JF 5668) से ड्यूटी के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने रास्ते में निगोहा से दो और बछरावां बॉर्डर से दो लोगों को लिफ्ट दी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो की मौत, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दो लोगों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में सिपाही महाराज सिंह के अलावा चंद्रपाल सिंह (72) निवासी सरेनी, लालगंज की भी मौत हुई है। तीसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। वहीं घायलों में मोहम्मद रियान (25) निवासी कुंडौली, बछरावां और रजत साहू (34) निवासी तेलीबाग, लखनऊ शामिल हैं।
झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई, बल्कि सीधे पुलिया की रेलिंग से जा भिड़ी। ऐसे में शुरुआती आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाकर ट्रैफिक सामान्य कराया गया।
सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों का इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में जारी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।