बागी विधायक पूजा पाल का बड़ा बयान, अतीक अहमद को बताया सपा का फाइनेंसर, लगाए कई गंभीर आरोप
चायल विधानसभा सीट से विधायक Pooja Pal ने माफिया अतीक अहमद को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की तारीफ करते हुए कहा कि आज वह सुरक्षित हैं तो सिर्फ योगी सरकार की वजह से।
पूजा पाल ने कहा, “अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो शायद आज मैं जिंदा नहीं होती। योगी आदित्यनाथ जैसे ‘धुरंधर’ मुख्यमंत्री ने ही माफियाओं पर सख्त कार्रवाई कर हमें सुरक्षा दी है।”
सपा और अखिलेश यादव पर निशाना
विधायक ने Akhilesh Yadav पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार में माफिया अतीक अहमद को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि अतीक ने न सिर्फ उनकी जिंदगी प्रभावित की, बल्कि हजारों युवाओं का भविष्य भी बर्बाद किया।
पूजा पाल ने यह भी कहा कि एक फिल्म के जरिए सपा और अतीक अहमद के संबंधों को उजागर किया गया है, जिससे यह साफ होता है कि उस समय माफिया किस तरह से सक्रिय थे।
‘अतीक ने बर्बाद किया जीवन’
उन्होंने कहा कि उनके पति राजू पाल की हत्या के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। अतीक अहमद को उन्होंने अपना गुनहगार बताते हुए आरोप लगाया कि उसने नशे और अवैध गतिविधियों के जरिए कई युवाओं को गलत रास्ते पर धकेला।
‘सपा का फाइनेंसर था अतीक’
पूजा पाल ने दावा किया कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी का बड़ा फाइनेंसर था और इसी वजह से उस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि उसकी मौत के बाद सपा नेताओं के बयान इस बात को दर्शाते हैं कि पार्टी उसके प्रति सहानुभूति रखती है।
सियासत में बढ़ी तल्खी
गौरतलब है कि पूजा पाल 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बनी थीं, लेकिन बाद में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद से वह लगातार सपा पर हमलावर रही हैं।